आईओए चुनाव पांच दिसंबर को, उषा ने कहा अच्छे प्रशासन के लिये अहम कदम

नयी दिल्ली, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) अपनी नयी कार्यकारी परिषद का चुनाव पांच दिसंबर को करेगा जिसके लिये संजय कुमार श्रीवास्तव को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है । श्रीवास्तव दिल्ली और चंडीगढ के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त हैं ।

आईओए ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 राष्ट्रीय खेल प्रशासन (राष्ट्रीय खेल निकाय) नियमों 2026 आईओए के संशोधित संविधान और आईओए चुनाव के उप नियमों और नियमों के तहत पूरी की जायेगी । इसने कहा कि चुनाव अधिकारी की निगरानी में एथलीट आयोग उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव होंगे ।

आईओए ने एक बयान में कहा ‘‘ आईओए ने संजय कुमार श्रीवास्तव सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी पूर्व चुनाव आयुक्त दिल्ली और चंडीगढ को 2026 चुनाव के लिये चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है । वह एथलीट आयोग उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव करायेंगे ।’’ एसओएम चुनाव की प्रक्रिया 18 सितंबर को शुरू हो गई थी जिसके लिये योग्य उम्मीदवार 18 अक्टूबर तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं ।

इसके बाद राष्ट्रीय खेल प्रशासन ढांचे के तहत पात्रता और स्तरीय मानदंडों के अनुरूप रोस्टर तैयार किया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने 2026-2030 के लिए आईओए एथलीट आयोग के चुनावों की भी सूचना दी है जिसमें तीन नवंबर को मतदान मतगणना और नतीजों की घोषणा तय है।

आईओए ने कहा ‘‘ योग्य एनएसएफ सदस्य 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर दो बजे तक अपने दो खिलाड़ी प्रतिनिधियों को एथलीट आयोग के लिये नामांकित कर सकते हैं । आयोग में पांच पुरूष और पांच महिला सदस्य होंगे । नियमों के अनुसार ओलंपिक श्रेणी के खिलाड़ियों और बड़ी स्पर्धाओं में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिये अलग प्रतिनिधित्व का प्रावधान है ।’

’ पांच दिसंबर को आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव के साथ प्रक्रिया पूरी होगी । आईओए अध्यक्ष पी टी उषा ने अच्छे प्रशासन को मजबूत बनाने के संगठन के प्रयासों की दिशा में इसे अहम कदम बताया । उन्होंने कहा ‘‘ 2026 के चुनाव भारतीय ओलंपिक आंदोलन में अच्छे प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में एक अहम मील का पत्थर हैं। हमारा मकसद मजबूत भरोसेमंद और खिलाड़ियों पर केंद्रित संस्थान बनाना है जो ओलंपिक चार्टर के अनुरूप हो ।’’ उषा 10 दिसंबर 2022 को आईओए अध्यक्ष बनी थी और निर्विरोध चुनी गई थी ।

वह आईओए अध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली महिला भी थी । क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: