जालंधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के ‘‘कुशासन’’ की वजह से पंजाब मादक पदार्थ की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार को ‘आपदा’ सरकार करार दिया।
शाह ने जालंधर के गांव परागपुर में जनसभा को संबोधित करने से कुछ देर पहले पंजाबी में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘आपदा सरकार के खराब शासन के कारण पंजाब मादक पदार्थ की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन कार्यक्रम के तहत शाह ने जनसभा को संबोधित किया। इस यात्रा की शुरुआत राज्य में 18 सितंबर को हुई थी। शाह ने कहा कि पंजाब के लोग मादक पदार्थ के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और राज्य को नशा मुक्त करने के उद्देश्य से लोगों को एकजुट करने के लिए भाजपा ने 18 सितंबर को ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू की थी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा पंजाब के हर गांव तक पहुंची तथा मादक पदार्थ के बारे में जागरूकता बढ़ाई और युवाओं को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित भी किया। आज जालंधर में इस यात्रा के समापन पर शाह ने कहा कि वह पंजाब के लोगों से रू-ब-रू होंगे और मादक पदार्थ की समस्या से जूझ रहे परिवारों से मिलकर उनके दुख-दर्द को भी साझा करेंगे।
भाजपा ने 18 सितंबर को ‘‘भाजपा दा नारा नशा मुकाउना सारा’’ (भाजपा का नारा नशा खत्म करना है सारा) के नारे के साथ ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू की थी। मादक पदार्थ-विरोधी यह यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4 000 किलोमीटर की दूरी तय कर मंगलवार को जालंधर पहुंची।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 18 सितंबर को पठानकोट के एकता स्थल से राज्यव्यापी चार मादक पदार्थ-विरोधी यात्राओं में से पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। तब से पिछले एक हफ्ते में कई केंद्रीय मंत्री भाजपा शासित कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता इन यात्राओं में हिस्सा ले चुके हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common