लेह/जम्मू लद्दाख प्रशासन ने केंद्र शासित प्रदेश के भीतर हवाई संपर्क मजबूत करने और कड़ाके की सर्दी के महीनों में दूरदराज तथा दुर्गम इलाकों तक पहुंच बेहतर बनाने के लिए लेह से प्रदेश के सात गंतव्यों के लिए सब्सिडी वाली हेलीकॉप्टर सेवाएं फिर शुरू कर दी हैं। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि ये सेवाएं 29 सितंबर से फिर शुरू की गई हैं और पवन हंस लिमिटेड द्वारा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवाएं लेह को सात गंतव्यों – कारगिल पदुम लिंगशेड डिबलिंग न्येरक डिस्किट और तुरतुक – से जोड़ती हैं। प्रवक्ता ने कहा कि इससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को परिवहन का एक वैकल्पिक साधन उपलब्ध होगा तथा आपातकालीन चिकित्सा जरूरतों में भी मदद मिलेगी।
प्रवक्ता ने बताया कि लेह-कारगिल मार्ग का सब्सिडी वाला किराया प्रति यात्री 7 750 रुपये तय किया गया है और उड़ान में करीब 50 मिनट लगेंगे। वहीं लेह-पदुम मार्ग की उड़ान अवधि लगभग 45 मिनट होगी और इसका किराया 6 975 रुपये होगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common