ब्रसेल्स, अजरबेजान के साथ लगने वाली आर्मीनिया की सीमा पर शांति बहाली के प्रयासों और दो दुश्मन देशों के बीच विश्वास बहाली के अपने प्रयासों के तहत यूरोपीय संघ ने सोमवार को अपने 40 विशेषज्ञों को आर्मीनिया भेजने पर सहमति जताई।
यूरोपीय संघ के मुख्यालय ने एक बयान में कहा कि निगरानी मिशन को दो महीने के लिये तैनात किया जाएगा, इसका उद्देश्य ऐसे समय में कुछ विश्वास बहाल करना है जब सुरक्षा की कमी “जान जोखिम में डाल रही है और संघर्ष समाधान प्रक्रिया को बाधित कर रही है”।
पिछले महीने, आर्मीनिया और अजरबेजान ने जंग खत्म करने के लिये संघर्ष विराम पर बातचीत की। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के 155 सैनिकों की मौत हो गई।
यूरोपीय संघ का मिशन दोनों देशों की आम सीमा के परिसीमन पर चिंताओं को दूर करने के लिए इस साल की शुरुआत में स्थापित सीमा आयोगों के काम में मदद करेगा।
ये पूर्व सोवियत देश नागोर्नो-कराबाख को लेकर काफी समय से संघर्षरत है। यह इलाका अजरबेजान का हिस्सा है, लेकिन 1994 में एक अलगाववादी युद्ध समाप्त होने के बाद से आर्मीनिया द्वारा समर्थित जातीय आर्मेनियाई बलों के नियंत्रण में है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons