लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि आज के युवा किताबें पढ़ना चाहते हैं और हमें ऐसी व्यवस्था करनी होगी कि किताबें उन तक पहुंचें।
मुख्यमंत्री यहां लखनऊ विश्वविद्यालय में नौ दिवसीय पांचवें ‘गोमती पुस्तक महोत्सव’ की शुरुआत करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह पुस्तक मेला 20 सितंबर तक होगा। योगी ने कहा जब पहला पुस्तक मेला आयोजित हुआ था तो मैंने कहा था कि गोरखपुर में भी ऐसा ही एक मेला आयोजित किया जाए।
गोरखपुर के पुस्तक मेले में लोगों की संख्या लखनऊ से भी ज्यादा थी और लखनऊ की तुलना में वहां ज्यादा किताबें खरीदी गईं। उन्होंने कहा कि इसके नतीजों ने इस धारणा को पूरी तरह गलत साबित कर दिया कि आज के युवा किताबें नहीं पढ़ते। उन्होंने कहा असल में हमने किताबें उन तक पहुंचाने की कोशिश ही नहीं की थी।
योगी ने कहा यह कहना गलत होगा कि युवा सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा समय बिताते हैं। वे किताबें पढ़ना चाहते हैं और हमें उन तक किताबें पहुंचाने की व्यवस्था करनी होगी।
समारोह को प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी सैनी मिलिंद मराठे युवराज मलिक समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common