आस्ट्रेलिया की पीज ग्रेको ने जीता पैरालंपिक खेलों का पहला स्वर्ण

तोक्यो, तोक्यो पैरालंपिक खेलों का पहला स्वर्ण पदक बुधवार को यहां आस्ट्रेलिया की साइकिलिस्ट पीज ग्रेको ने जीता।

ग्रेको ने वेलोड्रोम ट्रैक पर महिलाओं की 3000 मीटर परस्यूट में पहला स्थान हासिल किया। चीन की वांग झियोमी ने रजत और जर्मनी की डेनिस शिंडलर ने कांस्य पदक जीता।

पैरालंपिक खेलों का आयोजन कोविड-19 महामारी के बीच किया जा रहा है। एक महीने पहले ओलंपिक शुरू होने के बाद तोक्यो में नये मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

ग्रेको बचपन से ही मस्तिष्क पक्षाघात का शिकार रही हैं जिससे उनके दायीं तरफ का हिस्सा प्रभावित है। यह उनका पहला पैरालंपिक है।

प्रतियोगिता से इतर आयोजकों ने बुधवार को पुष्टि की कि दो और खिलाड़ियों का कोविड-19 के लिये किया गया परीक्षण पॉजिटिव आया है। इस तरह से खेल गांव में पिछले दो दिनों में पॉजिटिव पाये गये खिलाड़ियों की संख्या तीन हो गयी है।

पिछले तीन दिनों में खेल गांव में कोविड-19 के कुल नौ पॉजिटिव मामले पाये गये। इनमें छह खेलों से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: