भोपाल, हॉकी इंडिया ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 15 से 20 मई तक होने वाली घरेलू श्रृंखला के लिये 24 सदस्यीय अंडर 18 पुरूष और महिला टीमों का ऐलान किया । चार मैचों की श्रृंखला भोपाल के भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र पर खेली जायेगी । यह जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से छह जून तक होने वाले पुरूष और महिला अंडर 18 एशिया कप की तैयारियों के लिये अहम है ।
टीम का चयन राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के दौरान किया गया जिसमें 42 खिलाड़ियों के समूह में से मैच फिटनेस और तकनीकी कौशल के आधार पर 24 को चुना गया । फॉरवर्ड केतन कुशवाहा अंडर 18 पुरूष टीम के कप्तान होंगे जबकि महिला टीम की कमान स्वीटी कुजूर को सौंपी गई है ।
पुरूष टीम के कोच सरदार सिंह ने कहा ‘‘ शिविर के बाद हमने 24 खिलाड़ियों को चुना जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के योग्य हैं । आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच इस टीम की असल परीक्षा होगी । जापान में होने वाले अंडर 18 एशिया कप से पहले यह देखना होगा कि टीम आस्ट्रेलियाई शैली की हॉकी का दबाव कैसे झेल पाती है ।’’
महिला टीम की कोच रानी रामपाल ने कहा ‘‘ हमने उन 24 खिलाड़ियों को चुना जिन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया । आस्ट्रेलिया जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ चार मैच खेलने से हमें अपनी ताकत और कमजोरियों का पता चलेगा । एशिया कप से पहले यह श्रृंखला टीम के लिये ड्रेस रिहर्सल की तरह होगी ।’’
अंडर 18 पुरूष टीम : गोलकीपर : सावन कुमार आयुष रजक विशाल बड़ा डिफेंडर : अंश बहुत्रा आशीष तानी पूर्ति अरमान सोरेंग दीपकप्रकाश टोप्पो करण गौतम करण धानुक मिडफील्डर : प्रेमचंद सोय राहुल यादव वरिंदर सिंह रोमित पाल अर्जनदीप सिंह गुरसिमरनप्रीत सिंह अर्शदीप सिंह अवि मानिकपुरी फॅारवर्ड : आकाश दीप केतन कुशवाहा (कप्तान ) शाहरूख अली गाजी खान प्रहलाद राजभर सिद्धार्थ बेन जेसान कांडुल्ना अंडर 18 महिला टीम : गोलकीपर : महक परिहार हैरी खिली कुमारी डिफेंडर : सुगन सांगा नीलम टोप्नो रूबिना बक्सला किरण इक्का दिव्या यादव सुलोचनी मिडफील्डर : श्रुति कुमारी दिया हर्षिता रशमीन कौर लामिंगांबी एकोइजाम नैंसी सरोहा तोंगब्राम लांचेंबी देवी स्नेहा दावडे फॉरवर्ड : नौशीन नाज स्वीटी कुजूर (कप्तान) प्रियंका मिंज संदीपा कुमारी नम्मी गीताश्री प्रिंसेस प्रिया इक्का पुष्पा मांझी ।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common