इंडिगो का आठ एयरबस विमान की खरीद के लिए सिटी से वित्तपोषण समझौता

मुंबई, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने एयरबस से आठ छोटे आकार के विमानों की खरीद के लिए सिटी के साथ 32.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर का वित्तपोषण समझौता किया है। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार यह बेल्जियम की निर्यात ऋण एजेंसी (ईसीए) ‘क्रेडेंडो’ के बीमा वाला दुनिया का पहला विमानन वित्तपोषण लेनदेन है। साथ ही गिफ्ट आईएफएससी के जरिये तैयार किया गया पहला ईसीए समर्थित विमान वित्तपोषण है। बयान में कहा गया कि इस वित्तपोषण से इंडिगो छह ए321 और दो ए320 विमान खरीद सकेगी।

बयान के अनुसार वैश्विक बैंकिंग कंपनी सिटी ने इस सौदे में एकमात्र प्रमुख व्यवस्था प्रदाता ईसीए समन्वयक और एकमात्र ऋणदाता की भूमिका निभाई। इस वित्तपोषण को क्रेडेंडो के ऋण बीमा का समर्थन प्राप्त है। बयान में कहा गया कि यह लेनदेन इंडिगो की अनुषंगी कंपनी इंटरग्लोब एविएशन फाइनेंशियल सर्विसेज आईएफएससी के जरिये पूरा किया गया।

सिटी इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के. बालासुब्रमण्यम ने कहा ‘‘सिटी की सीमा पार विमानन और निर्यात ऋण वित्तपोषण विशेषज्ञता क्रेडेंडो के ऋण बीमा और इंडिगो के गिफ्ट आईएफएससी मंच को एक साथ लाकर इस अनूठे समाधान को तैयार किया गया है। इससे भारतीय विमानन क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध ईसीए समर्थित वित्तपोषण के बड़े स्रोत तक पहुंचने का नया रास्ता मिलेगा और देश में एयरलाइन क्षेत्र की वृद्धि को समर्थन मिलेगा।

क्रेडेंडो के समूह उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी फ्रैंक वानविंग ने कहा कि एजेंसी का लक्ष्य बेल्जियम के विमानन क्षेत्र से जुड़े उन पक्षों के लिए दीर्घकालिक साझेदार बनना है जो अंतरराष्ट्रीय अवसरों और नवोन्मेषी वित्तपोषण व्यवस्थाओं तक पहुंच चाहते हैं।

इंडिगो के मुख्य विमान अधिग्रहण एवं वित्तपोषण अधिकारी रियाज पीर मोहम्मद ने कहा कि सिटी क्रेडेंडो और एयरबस के साथ यह साझेदारी कंपनी के बढ़ते एयरबस बेड़े के लिए वित्तपोषण का एक प्रतिस्पर्धी स्रोत उपलब्ध कराती है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: