उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विस चुनाव की चुनौती को सफलतापूर्वक पार करेंगे: कौशिक

देहरादून, उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष मदन कौशिक ने शुक्रवार को कहा कि वह वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की चुनौती को सफलतापूर्वक पार कर लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद कौशिक ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह आने वाले समय की हर चुनौती का सामना करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी फिर विजय हासिल करेगी। कौशिक ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि संगठन में फेरबदल होते रहते हैं। इस संबंध में उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का उदाहरण देते हुए कहा कि वह पहले केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री थे और बाद में अध्यक्ष बने। उन्होंने कहा कि हमारा कार्यकर्ता हर चुनौती को स्वीकार करता है और आगे बढता है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने हरिद्वार के चार बार के विधायक एवं राज्य के मंत्री कौशिक को बंशीधर भगत के स्थान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया है। भगत को शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने मंत्रिमंडल में बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल किया। अपने नेतृत्व के खिलाफ बढ़ते असंतोष के कारण पद गंवाने वाले त्रिवेंद्र सिंह रावत के स्थान पर तीरथ सिंह रावत ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और इसके दो दिन बाद ही प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी बदलाव हो गया।

मुख्यमंत्री पद पर राजपूत नेता की ताजपोशी के बाद कौशिक जैसे एक कद्दावर ब्राहमण नेता को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी गयी है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी् में इस बदलाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: