उप्र : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की तैयारियों का जायजा लिया

लखनऊ/गढ़मुक्तेश्वर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले वार्षिक कार्तिक पूर्णिमा मेले और अमरोहा के तिगरी मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार मेला स्थल का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष लगभग 40 से 45 लाख श्रद्धालु गंगा तट पर स्नान और दीपदान के लिए पहुंचते हैं इसलिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और समन्वित हों ताकि किसी को असुविधा न हो।

योगी ने यातायात सुरक्षा स्वच्छता स्वास्थ्य पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस वर्ष 30 अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलने वाले इस मेले को ‘मिनी कुंभ’ के रूप में आयोजित करने की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। गंगा घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और एसडीआरएफ की तैनाती सीसीटीवी व ड्रोन निगरानी बचाव अभियानी वाली नाव और सहायता केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि मेले को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ा जाए तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए।

योगी ने कहा कि मेले के दौरान गहराई वाले जल क्षेत्रों में एनडीआरएफ/एसडीआरएफ और बाढ़ नियंत्रण इकाई लगातार सतर्क रहें और आवश्यक अवरोधक लगाए जाएं। श्रद्धालुओं को अनुशासित व्यवहार हेतु प्रेरित करने के लिए काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएं। पूरे मेले क्षेत्र में सीसीटीवी जन शिकायत प्रणाली और एकीकृत नियंत्रण केंद्र की सतत निगरानी सक्रिय रहे। पार्किंग स्थलों पर वाहनों की सुरक्षा प्रसारण व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और सभी स्थलों पर सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में आकर्षक सजावट की जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग्स लगाई जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं से कोई अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए और पशुओं के चारे तथा भोजन-पेयजल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में गंगा पूजन किया फिर गढ़ मेला क्षेत्र में स्थापित सदर बाजार का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने गढ़ मुक्तेश्वर में बनाए जा रहे मोढ़े के स्टोर का भी अवलोकन किया और मोढ़े की गुणवत्ता की प्रशंसा की।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: