एआई विशेषज्ञता वाले छोटे उद्यमों में रोजगार वृद्धि तेज: अध्ययन

चेन्नई, भारत में ऐसे छोटे और मझोले उद्यमों (एसएमबी) में रोजगार तेजी से बढ़ा है जिन्होंने एआई (कृत्रिम मेधा) के जानकार कर्मचारियों को नियुक्त किया है। हालांकि इन कंपनियों में व्यापक स्तर पर एआई को अपनाना अब भी चुनौती बना हुआ है। जोहो और लिंक्डइन के संयुक्त अध्ययन में यह बात सामने आई है। अध्ययन के निष्कर्षों से पता चलता है कि विशेष कृत्रिम मेधा विशेषज्ञता से मिलने वाले कारोबारी लाभ और छोटी कंपनियों की इस प्रौद्योगिकी को अपने कामकाज में शामिल करने की क्षमता के बीच अंतर बढ़ रहा है।

जोहो और लिंक्डइन के संयुक्त अध्ययन ‘विकास के नए नियम: भारत के छोटे एवं मझोले उद्यम विस्तार की तैयारी कैसे कर रहे हैं शीर्षक वाली रिपोर्ट में यह बात सामने आई। जनवरी से जून 2026 के दौरान एआई विशेषज्ञता वाले भारतीय एसएमबी में कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि अन्य एसएमबी के मुकाबले 5.2 प्रतिशत अंक अधिक रही। यह अंतर दुनिया भर के एसएमबी में दर्ज अंतर से दोगुने से भी अधिक है।

हालांकि भारत में केवल छह प्रतिशत एसएमबी ने बताया कि उनके सभी कर्मचारियों को एआई की समझ है। बड़ी कंपनियों में यह आंकड़ा 18 प्रतिशत है। इसी तरह केवल 16 प्रतिशत एसएमबी के पास एआई से जुड़े सॉफ्टवेयर और प्रणालियां विकसित करने की क्षमता है जबकि बड़ी कंपनियों में यह आंकड़ा 34 प्रतिशत से अधिक है। इससे पता चलता है कि छोटी कंपनियों के पास एआई का पूरा लाभ उठाने के लिए जरूरी कौशल की कमी है। लिंक्डइन के भारत प्रमुख कुमारेश पट्टाभिरमण ने कहा एआई विशेषज्ञता में निवेश करने वाली कंपनियां दिखा रही हैं कि एआई और रोजगार साथ-साथ बढ़ सकते हैं। अब जरूरत इस बात की है कि एआई का ज्ञान कुछ विशेषज्ञों तक सीमित न रहे बल्कि हर कर्मचारी को इसकी जानकारी हो।

भारत के कारोबारी क्षेत्र में एसएमबी की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इनकी हिस्सेदारी करीब 31 प्रतिशत और निर्यात में लगभग 49 प्रतिशत है। इन कंपनियों की डिजिटल साधनों को अपनाने उत्पादकता बढ़ाने और घरेलू बाजार से बाहर कारोबार फैलाने की क्षमता देश की आर्थिक वृद्धि और निर्यात को मजबूत करने में अहम होगी। इस अध्ययन में लिंक्डइन और जोहो के उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले 78 000 से अधिक संगठनों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है।

अध्ययन के मुताबिक एसएमबी की आगे की वृद्धि केवल एआई प्रौद्योगिकी तक पहुंच पर निर्भर नहीं करेगी। इसके लिए कर्मचारियों को जरूरी कौशल सिखाना कामकाज की बेहतर व्यवस्था बनाना और कारोबारी आंकड़ों की सुरक्षा करना भी जरूरी होगा। आंकड़ों के मुताबिक पासवर्ड प्रबंधन से जुड़े साधनों के इस्तेमाल में भी करीब 35 प्रतिशत वृद्धि हुई है। इससे पता चलता है कि डिजिटल कामकाज बढ़ने के साथ कंपनियां आंकड़ों की सुरक्षा पर अधिक ध्यान दे रही हैं। छोटी कंपनियों के सामने चुनौती एआई से कामकाज में मिलने वाले फायदे और गोपनीय कारोबारी जानकारी बाहरी प्रौद्योगिकी कंपनियों तक पहुंचने के जोखिम के बीच संतुलन बनाने की है।

जोहो के विपणन और ग्राहक अनुभव विभाग के उपाध्यक्ष प्रवल सिंह ने कहा बड़ी एसएमबी में सूक्ष्म उद्यमों के मुकाबले अपने मानव संसाधन (एचआर) से जुड़े साधनों में एआई का इस्तेमाल करने की संभावना तीन गुना से अधिक है। एआई को लेकर काफी चर्चा के बावजूद इसका इस्तेमाल कंपनियों की कामकाज संबंधी तैयारी पर निर्भर करता है। छोटी कंपनियां अभी यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि इससे उन्हें कितना वास्तविक लाभ मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि कंपनियों को ऐसे कौशल विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए जिनसे कर्मचारी प्रौद्योगिकी का बेहतर इस्तेमाल कर सकें और कंपनियां अपनी कामकाज की चुस्ती बनाए रखते हुए कारोबार का विस्तार कर सकें।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common