एचआईएल: कलिंगा लांसर्स ने संजय और वैन डोरेन को सह-कप्तान नियुक्त किया

भुवनेश्वर, वेदांता कलिंगा लांसर्स ने हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2026 से पहले भारतीय ड्रैग फ्लिकर संजय और बेल्जियम के दिग्गज खिलाड़ी आर्थर वैन डोरेन को अपनी टीम का सह-कप्तान नियुक्त किया। एचआईएल का आयोजन तीन से 26 जनवरी तक चेन्नई रांची और भुवनेश्वर में किया जाएगा।

संजय ने नवंबर में 31वें सुल्तान अजलन शाह कप में राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व करते हुए उसे उपविजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी जबकि वैन डोरेन ने बेल्जियम को खिताब दिलाया था।

हरियाणा के रहने वाले संजय ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2018 के युवा ओलंपिक खेलों और 2021 के जूनियर विश्व कप में भाग लिया जहां वह टीम के सर्वोच्च गोल स्कोरर रहे।

उन्होंने 2022-23 एफआईएच हॉकी प्रो लीग के दौरान सीनियर टीम में पदार्पण किया और तब से वह भारतीय टीम के नियमित सदस्य हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता यह खिलाड़ी अब तक 78 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका है।

वैन डोरेन को वर्तमान समय में सबसे कुशल डिफेंडर माना जाता है। उनके रहते हुए बेल्जियम ने तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक और 2023 में विश्व कप जीता था। वह अभी तक 276 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।

कलिंगा लांसर्स एचआईएल में चार जनवरी को चेन्नई में रांची रॉयल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: