नयी दिल्ली, एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस ने भारत तथा सिंगापुर के बीच यात्रियों को उड़ानों के अधिक विकल्प देने के मकसद से अपने वाणिज्यिक सहयोग का विस्तार करने की घोषणा की। यह विस्तार इस साल जनवरी में हुए वाणिज्यिक सहयोग रूपरेखा समझौते के तहत की गई पहल का हिस्सा है।
दोनों एयरलाइन 15 अक्टूबर से अपने-अपने बुकिंग मंच के जरिये यात्रियों को यात्रा कार्यक्रम और उड़ानों के अधिक विकल्प उपलब्ध कराएंगी।
एयर इंडिया ने बुधवार को जारी बयान में कहा ‘‘इसमें सिंगापुर और भारत के आठ शहरों – अहमदाबाद बेंगलुरु चेन्नई दिल्ली हैदराबाद कोच्चि कोलकाता और मुंबई- के बीच हर सप्ताह 126 उड़ानें शामिल हैं।’’
फिलहाल सिंगापुर एयरलाइंस (एसआईए) के जरिये बुक की जाने वाली एयर इंडिया संचालित पात्र कोडशेयर उड़ान के साथ एसआईए द्वारा संचालित उड़ान को शामिल करना जरूरी है और इसके उलट एयर इंडिया के लिए भी यही नियम है।
यह शर्त 15 अक्टूबर से हटा दी जाएगी। सिंगापुर एयरलाइंस के पास एयर इंडिया की 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common