ओडिशा में पीएम सूर्य घर योजना के तहत छतों पर ‘सोलर पैनल’ लगाने में गंजाम सबसे आगे

ब्रह्मपुर (ओडिशा), ओडिशा में केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत छतों पर सौर पैनल लगाने के मामले में गंजाम अग्रणी जिला बनकर उभरा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गंजाम में 16 418 छतों पर सौर उर्जा प्रणाली स्थापित की गई हैं। इसके बाद बालेश्वर में 16 407 खोरधा में 14 603 कटक में 13 758 और मयूरभंज में 9 751 इकाइयां लगाई गई हैं।

गंजाम के जिलाधिकारी कीर्ति वासन वी. ने कहा कि लोगों ने इस योजना का लाभ उठाने में काफी रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा ‘‘हमें उम्मीद है कि सतत और हरित भविष्य की दिशा में जारी प्रयासों के तहत मार्च 2027 के अंत तक 25 000 और छतों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां लगाने का लक्ष्य हासिल कर लेंगे।’’

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि घरों में सौर ऊर्जा की बढ़ती स्वीकार्यता और टिकाऊ बिजली उत्पादन की ओर बढ़ते रुझान को दर्शाती है।

योजना को लागू करने वाली एजेंसी ‘टीपी साउदर्न ओडिशा डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड’ (टीपीएसओडीएल) ने कहा कि वितरण कंपनी की जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंच और उपयोगिता-आधारित एकत्रीकरण मॉडल ने ओडिशा के आठ दक्षिणी जिलों में छतों पर सौर पैनल लगाने की सुविधा को आसान बनाया है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: