तिरुवनंतपुरम ओणम पर्व के दौरान राज्य में पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केरलम के खाद्य सुरक्षा विभाग ने पांच सीमावर्ती जांच चौकियों पर चौबीसों घंटे निरीक्षण तेज कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मुरलीधरन ने बताया कि आर्यनकावु कुमिली वालयार मीनाक्षीपुरम और कराली जांच चौकियों पर मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं तैनात की गई हैं। यहां अधिकारी फलों सब्जियों दूध एवं दुग्ध उत्पादों खाद्य तेल गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री लेकर आने वाले वाहनों की मौके पर जांच कर रहे हैं।
मंत्री ने एक बयान में कहा कि यह सघन जांच अभियान विभाग के ‘सुरक्षित ओणम’ अभियान का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि त्योहार के मौसम में ऑनलाइन माध्यम से खाद्य पदार्थों की खरीद बढ़ने के मद्देनजर विभाग ने गोदामों और ई-कॉमर्स कंपनियों के भंडारण केंद्रों का भी निरीक्षण शुरू किया है।
मुरलीधरन ने कहा कि फ्लिपकार्ट बिगबास्केट और ब्लिंकिट समेत ई-कॉमर्स मंचों के गोदामों में विशेष जांच की गई है। ओणम विशेष दल ने अब तक 80 निरीक्षण पूरे किए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस वर्ष तिरुओणम पर्व 26 अगस्त को मनाया जाएगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common