ओडिशा में बाढ़ से अब तक 37 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, सात लोगों की मौत : मंत्री

भुवनेश्वर ओडिशा के मंत्री सुरेश पुजारी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि राज्य में इस वर्ष अब तक भारी बारिश और बाढ़ से 26 जिलों के 37.43 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं जबकि सात लोगों की मौत हुई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक टंकधर त्रिपाठी के सवाल के जवाब में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री पुजारी ने बताया कि इस वर्ष भारी बारिश और बाढ़ से कुल 37 43 943 लोग प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रभावित जिलों में सात लोगों और 93 मवेशियों की मौत हुई है। चार लोगों की मौत क्योंझर में जबकि बालासोर ढेंकनाल और जाजपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

पुजारी ने बताया कि बाढ़ से 2.12 लाख हेक्टेयर फसल और 18 067 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने निजी संपत्ति को हुए नुकसान के मुआवजे के तौर पर प्रभावित जिलों को कुल 234.84 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

पंचायती राज एवं पेयजल विभाग ने सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए 478.92 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित की हैं। इनमें 3 485 स्कूल भवन 934 सामुदायिक भवन 487 पंचायत भवन और 2 656 आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं।

पुजारी ने बताया कि सभी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई है और विभाग को शुरुआती तौर पर 136.71 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। ऊर्जा विभाग को भी मरम्मत के लिए 8.2 करोड़ रुपये दिए गए हैं।

पुजारी ने कहा कि ओडिशा सरकार ने बाढ़ के कारण नुकसान झेलने वाले अलग-अलग विभागों के कुल 492.7 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: