ओलंपिक रजत पदक विजेता पहलवान दहिया ने भारत में क्वीन्स बैटन रिले की शुरुआत की

नयी दिल्ली, तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय राजधानी में सांकेतिक दौड़ के साथ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के लिये क्वीन्स बैटन रिले के भारतीय चरण की शुरुआत की।

बर्मिंघम खेलों की क्वीन्स बैटन सोमवार को यहां पहुंची थी।

दहिया ने कहा, ‘‘बैटन रिले का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। राष्ट्रमंडल खेलों के लिये मेरी तैयारियां बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही हैं और मैं बर्मिंघम में स्वर्ण पदक जीतने को लेकर आश्वस्त हूं।’’

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त के बीच किया जाएगा।

पिछली बार के खेलों से इतर इस बार क्वीन्स बैटन रिले का आयोजन महामारी के कारण सांकेतिक रूप से किया जा रहा है।

दिल्ली में क्वीन्स बैटन रिले में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त अलेक्स एलिस भी उपस्थित थे।

एलिस ने कहा, ‘‘मैं भारत में बैटन रिले की शुरुआत में शामिल होकर खुश हूं। भारत और इंग्लैंड के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं। इस साल भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ है और मुझे लगता है कि खेल ऐसी चीज है जो दोनों देशों को करीब लाता है।’’

क्वीन्स बैटन रिले अब 14 जनवरी को बेंगलुरू और 15 जनवरी को भुवनेश्वर में आयोजित की जाएगी। इसे अहमदाबाद का दौरा भी करना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे रद्द कर दिया गया।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: