त्रिशूर (केरल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के उपाध्यक्ष बी गोपालकृष्णन ने कहा कि मलयालम संगीत निर्देशक ओसेप्पचन और राजनीतिक विश्लेषक फकुधीन अली जैसे लोगों को अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए। गोपालकृष्णन ने यह टिप्पणी तब की जब ओसेप्पचन और अली ने संयुक्त रूप से गोपालकृष्णन के नेतृत्व में भाजपा की एक विकास रैली को हरी झंडी दिखाई।
गोपालकृष्णन ने कहा कि ओसेप्पचन और अली दोनों कला और लोक विमर्श के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा ‘‘आप ईमानदार और जनभावना से परिपूर्ण व्यक्ति हैं और समाज सेवा के लिए आदर्श हैं। भाजपा चाहती है कि आप जैसे लोग विधानसभा चुनाव लड़ें। हमारे दरवाजे उन सभी के लिए खुले हैं जो सकारात्मक योगदान देना चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा कि समाज के योग्य और ईमानदार व्यक्तियों को राजनीति में प्रवेश करना चाहिए चाहे वे किसी भी दल से जुड़े हों। उन्होंने कहा ‘‘हमें ऐसे लोगों की जरूरत है जो सचमुच केरल की प्रगति के लिए काम कर सकें। आप सकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देने और राज्य के विकास में योगदान देने के लिए भाजपा के साथ खड़े हो सकते हैं।’’
ओसेप्पचन ने कहा कि लोगों को जाति और धार्मिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा ‘‘हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं यहां तक कि हमारी सोच में भी लेकिन हमें अपने देश के लिए मिलकर काम करना चाहिए। भारत हमारी मां है सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है और तेजी से विकास कर रही है। विचारों में मतभेद स्वाभाविक है लेकिन प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र की सेवा करे।’’
उन्होंने गोपालकृष्णन की एक वकील और नेता के रूप में सार्वजनिक सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित करने के लिए भी प्रशंसा की। अली ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में इसलिए शामिल हुए क्योंकि यह रचनात्मक सकारात्मक विकास को बढ़ावा देता है और उन्होंने गोपालकृष्णन के राजनीतिक प्रयासों की सराहना की।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common