बेंगलुरु/कलबुर्गी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा के लिए अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है। खरगे की यह टिप्पणी कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच सत्ता संघर्ष को लेकर तेज होती अटकलों के बीच आई है।
अपने गृहनगर कलबुर्गी में एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नेतृत्व संबंधी कोई भी निर्णय पार्टी के आला कमान द्वारा उचित विचार-विमर्श के बाद सामूहिक रूप से लिया जाएगा। उन्होंने अपने बयान का गलत अर्थ निकाले जाने के प्रति आगाह भी किया। खरगे ने कहा “देखिए हम तीनों मिलकर निर्णय लेंगे-मैं कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख के रूप में और राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में। इसीलिए हम हमेशा मिलकर काम करते हैं।”
उन्होंने कहा “जब हम तीनों मिलकर कोई तारीख तय करेंगे तब निर्णय लेंगे। चूंकि अभी तक कोई तारीख तय नहीं हुई है तो मैं कैसे कह सकता हूं कि बदलाव हो रहा है या नहीं ” खरगे ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस नेतृत्व किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले परामर्श प्रक्रिया का पालन करता है। उन्होंने कहा “आला कमान में हम आपस में विस्तृत चर्चा करते हैं और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी सलाह लेते हैं। हम संभावित परिणामों पर विचार करते हैं और फिर उसी के अनुसार कदम उठाते हैं।”
खरगे ने दोहराया कि कोई समयसीमा तय नहीं की गई है और कहा “जब भी ऐसा होगा मैं आपको जरूर सूचित करूंगा। कृपया इसकी गलत व्याख्या नहीं करें।” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह अक्सर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से बचते हैं ताकि उनकी बातों की गलत रूप से व्याख्या न की जाए। खरगे ने पार्टी अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि अंतिम निर्णय सभी के लिए बाध्यकारी होगा। उन्होंने कहा “जो भी निर्णय लिया जाएगा वह राज्य के हित में होगा। और आला कमान द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का सभी को समर्थन करना होगा।”
खरगे ने बृहस्पतिवार को कहा था कि कर्नाटक में “फिलहाल” मुख्यमंत्री पद पर कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है और राज्य में नेतृत्व का मुद्दा जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवकुमार ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि वह पार्टी आला कमान के निर्देशों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा “मल्लिकार्जुन खरगे सोनिया गांधी या राहुल गांधी जो भी कहते हैं हम उसे आशीर्वाद मानकर स्वीकार करते हैं।”
कर्नाटक सरकार में मंत्री एमबी पाटिल ने भी कहा कि राज्य में फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन की कोई योजना नहीं है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा “राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे हमारे शीर्ष नेता हैं। आला कमान ने जो कहा वह सच है। आज की तारीख में ऐसी कोई योजना नहीं है। आगे चलकर अगर ऐसा कोई मामला उठता है तो राहुल गांधी और हम सभी को बैठकर इस पर चर्चा करनी होगी।”क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common