किसी विदेशी भाषा में सच्चे मन से माफ़ी मांगना इतना मुश्किल क्यों है?

लंदन, जब लोग माफी मांगते हैं तो वे केवल अपनी गलती स्वीकार नहीं कर रहे होते। वे यह भी जाहिर करते हैं कि वे जिम्मेदारी नैतिकता सामाजिक और नैतिक मानदंडों तथा दूसरों के साथ अपने संबंधों को किस तरह समझते हैं। ये सभी बातें अलग-अलग सांस्कृतिक परिवेश में काफी भिन्न हो सकती हैं।

विदेशी भाषा में माफी मांगने पर हमें होने वाला अपराधबोध और शर्म का एहसास अलग हो सकता है। हालांकि माफी मांगना संवाद का बेहद जटिल रूप है और इसे केवल उन शब्दों से नहीं समझा जा सकता जिनका हम इस्तेमाल करते हैं।

एक ही संस्कृति के भीतर भी लोग अलग-अलग हालात में अलग-अलग तरह से माफी मांगते हैं। उदाहरण के लिए समयसीमा तक काम पूरा नहीं कर पाने पर किसी विद्यार्थी को अपने प्रोफेसर से माफी मांगनी हो तो केवल “माफ कीजिए” कहना पर्याप्त नहीं होगा। उसे समयसीमा चूकने की बात स्वीकार करनी होगी अपनी गलती की जिम्मेदारी लेनी होगी और प्रोफेसर-विद्यार्थी के संबंध को ध्यान में रखते हुए सम्मानपूर्वक अपनी बात रखनी होगी।

चाहे माफी जीवनसाथी से मांगी जाए दोस्त से सहकर्मी से या किसी अजनबी से-हर स्थिति के अपने कुछ अनकहे नियम और अपेक्षाएं होती हैं।

माफी मांगने के तरीके को प्रभावित करने वाले कारक भी बहुत से हैं लेकिन सामाजिक हैसियत आपसी दूरी और गलती की गंभीरता इनमें खासतौर पर महत्वपूर्ण हैं। अक्सर यही तय करते हैं कि अलग-

अलग संस्कृतियों में लोग माफी किस तरह मांगते हैं। इसलिए माफी का अर्थ महज “मुझे माफ कर दीजिए” कह देने से कहीं ज्यादा गहरा है।

अपराधबोध और शर्म को अक्सर एक ही अर्थ में इस्तेमाल किया जाता है लेकिन दोनों का प्रभाव अलग होता है। अपराधबोध कहता है— “मैंने कुछ गलत किया है।” जबकि शर्म कहती है— “मुझमें ही कुछ गलत है।”

यह अंतर महत्वपूर्ण है। अपराधबोध अक्सर व्यक्ति को नुकसान की भरपाई के लिए प्रेरित करता है। वह माफी मांगता है अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करता है या गलती सुधारने की कोशिश करता है। इसके विपरीत शर्म का प्रभाव उलटा हो सकता है। व्यक्ति स्थिति से दूर भागने उससे बचने या चुप रहने का रास्ता अपना सकता है।

इसमें संस्कृति की भी बड़ी भूमिका होती है। कुछ यूरोपीय और अमेरिकी समाज की व्यक्तिवादी संस्कृतियों में अपराधबोध पर अपेक्षाकृत अधिक जोर दिया जाता है। वहीं पूर्वी एशिया जैसे कई समाजों की सामूहिकतावादी संस्कृतियों में समूह की एकजुटता और सामाजिक मूल्यांकन अधिक महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में शर्म का सामाजिक प्रभाव अधिक गहरा हो सकता है।

अपराधबोध और शर्म की भावना तब पैदा हो सकती है जब हमें लगता है कि हमने समाज में स्वीकार्य किसी सीमा का उल्लंघन किया है। यही वजह है कि माफी मांगने की प्रक्रिया में इन दोनों भावनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

हाल में किए गए एक अध्ययन में हमने यह जानने की कोशिश की कि लोग अपनी मूल और दूसरी भाषा में किस तरह माफी मांगते हैं। इसके लिए हमने स्पेनिश सीख रहे कोरियाई लोगों और कोरियाई सीख रहे स्पेनिश भाषी लोगों पर ध्यान केंद्रित किया।

अध्ययन में 115 लोगों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को अपनी दूसरी भाषा का कम से कम मध्यवर्ती स्तर का ज्ञान था। इनमें से कई लोग स्पेन या कोरिया में रह भी चुके थे।

प्रतिभागियों से विश्वविद्यालय से जुड़ी 12 ऐसी परिस्थितियों पर आधारित ऑनलाइन प्रश्नावली भरवाई गई जिनमें माफी मांगने की जरूरत पड़ सकती थी। इनमें शिक्षण सत्र में शामिल न होना किसी से उधार ली गई किताब खो देना या किसी दूसरे विद्यार्थी की बात के बीच में हस्तक्षेप जैसी परिस्थितियां शामिल थीं।

इन परिस्थितियों में सामाजिक हैसियत और आपसी दूरी को अलग-अलग रखा गया था। मसलन कुछ स्थितियों में प्रतिभागियों को अपने करीबी सहपाठी से माफी मांगनी थी जबकि कुछ में उन्हें प्रोफेसर या अपने से ऊंचे पद वाले व्यक्ति से माफी मांगनी थी।

प्रतिभागियों ने यह अभ्यास या तो पूरी तरह अपनी पहली भाषा में किया या पूरी तरह दूसरी भाषा में। हर माफी के बाद उन्होंने 10 अंकों के पैमाने पर यह बताया कि ऐसी स्थिति में उनके भीतर

अपराधबोध और शर्म की भावना कितनी पैदा होगी। उनसे यह भी कहा गया कि वे उसी तरह जवाब दें जैसे वास्तविक जीवन में ऐसी स्थिति होने पर देते।

इसके बाद हमने माफी मांगने की अलग-अलग रणनीतियों की पहचान कर उनका विश्लेषण किया। इनमें सीधे माफी मांगना (मुझे माफ कर दीजिए) खुद को दोष देना (गलती मेरी थी) स्पष्टीकरण देना (मैं समयसीमा ठीक से समझ नहीं पाया) और गलती सुधारने की पेशकश करना (मैं किताब की जगह दूसरी किताब दे दूंगा) शामिल थे। पूरे अध्ययन में माफी मांगने की करीब 3 000 अलग-अलग रणनीतियों का विश्लेषण किया गया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: