कृषि एवं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर स्थित अंतर्राष्ट्रीय अतिथि गृह में केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और इजराइल के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री एवी डिक्टेर के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। यह बैठक इजराइल के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री के रूप में श्री एवी डिक्टेर की पहली आधिकारिक भारत यात्रा है।नई दिल्ली में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान कृषि सहयोग समझौते और कार्य योजना पर हस्ताक्षर करके दोनों देशों ने अपनी कृषि साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।
इस समझौते से मृदा एवं जल प्रबंधन, बागवानी एवं कृषि उत्पादन, कटाई के बाद और प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी, कृषि मशीनीकरण, पशुपालन और अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में सहयोग मजबूत होगा। शिवराज सिंह चौहान ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे संतु निरामयाः” (सभी सुखी रहें, सभी रोग मुक्त रहें) और “परहित सरिस धर्म नहीं भाई” (दूसरों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है) के आदर्शों में विश्वास करता है। उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। उन्होंने भारत-इजराइल कृषि कार्य योजनाओं की सफलता में माशाव की भूमिका की प्रशंसा की, विशेष रूप से 43 उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) के नेटवर्क के माध्यम से, जिनमें से 35 भारत भर में पूरी तरह कार्यात्मक सीओई हैं। उन्होंने कहा कि इजराइल की उत्कृष्टता के गांवों (वीओई) की अवधारणा, जिसका लक्ष्य प्रत्येक सीओई से 30 गांवों को जोड़ना है, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है।
माननीय मंत्री ने विश्व खाद्य भारत 2025 के लिए इजराइल के प्रतिनिधिमंडल को सौहार्दपूर्ण निमंत्रण दिया। इजराइल के कृषि और खाद्य सुरक्षा मंत्री एवी डिक्टर ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इजराइल और भारत के बीच गहरा रिश्ता है और दोनों देश उच्च उपज देने वाली बीज किस्मों और प्रौद्योगिकी के विकास में अन्य क्षेत्रों के अलावा मिलकर काम कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए भविष्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कृषि क्षेत्र में नवाचार की आवश्यकता है।
दोनों पक्षों ने खाद्य सुरक्षा, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के विकास, उत्कृष्टता केंद्रों (सीओई) का विस्तार, अनुसंधान और विकास, कीट प्रबंधन, क्षमता निर्माण और कटाई के बाद की प्रौद्योगिकियों की उन्नति सहित कई प्रमुख क्षेत्रों पर मिलकर काम करने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, वे कृषि उत्पादकता और स्थिरता को बढ़ाने के लिए एक पंचवर्षीय बीज सुधार योजना (एफवाईएसआईपी) की संभावना तलाशने पर भी सहमत हुए। बढ़ती जनसंख्या और घटती जोत की चुनौतियों को देखते हुए श्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने किसानों तक उन्नत बीज पहुंचाने के लिए भारतीय और इजरायली वैज्ञानिकों के बीच सहयोगात्मक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया। बैठक में कृषि से संबंधित विभिन्न नवाचारों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इजरायली पक्ष ने भारत के डिजिटल कृषि मिशन और भारत में किसानों को सशक्त बनाने के तरीके में भी गहरी रुचि दिखाई।
शिवराज सिंह चौहान ने वैश्विक कल्याण के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई, इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे भारत और इजरायल वैश्विक खाद्य सुरक्षा संकट को हल करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। निरंतर संवाद और परिभाषित लक्ष्यों और समयसीमा के साथ एक स्पष्ट रोडमैप के विकास को सुनिश्चित करने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह की स्थापना की जा रही है।