लखनऊ, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर कथित मतभेदों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल एक-दूसरे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं और जनता उन्हें बार-बार नकार रही है।
चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में पासवान ने कहा कि गठबंधन को लेकर औपचारिक सहमति बनने से पहले ही सीटों के बंटवारे पर मतभेद सामने आना दोनों दलों के बीच आपसी सम्मान और विश्वास की कमी को जाहिर करता है।
उन्होंने कहा ‘‘जब किसी गठबंधन में इतनी बेचैनी और इतने मतभेद हों और कांग्रेस को समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटें ही मिल रही हों जबकि उसकी उम्मीद 180 से अधिक सीटों की हो तो यह न तो सम्मान को दर्शाता है और न ही स्वाभिमान को।’’
पासवान ने आरोप लगाया कि दोनों दल मिलकर आगे बढ़ने के बजाय एक-दूसरे को नीचा दिखाने और कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा ‘‘ऐसा गठबंधन जिसमें सहयोगी एक-दूसरे को नीचा दिखाने और कमजोर करने में लगे हों यही वजह है कि जनता उन्हें बार-बार नकार रही है।’’
पासवान की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर जारी चर्चाओं के बीच आई है।
पासवान ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रति जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common