भाजपा नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर उसकी शिक्षा नीति को लेकर हमला बोला और कहा कि केजरीवाल सरकार का तथाकथित शिक्षा मॉडल दुष्प्रचार का साधन है। आम आदमी पार्टी की शिक्षा नीतियों ने न केवल छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है, बल्कि सरकारी स्कूलों की हालत भी खराब कर दी है। दिल्ली सरकार ने स्कूल भवन बनाने के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार किया है।गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में एक और शर्मनाक कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार ने 29 राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालयों को बंद करने का फैसला किया है। ये विद्यालय पिछले 31 वर्षों से हजारों होनहार छात्रों का भविष्य संवार रहे थे और दिल्ली के शैक्षिक गौरव के प्रतीक थे। लेकिन इन प्रतिष्ठित संस्थानों को बंद करके अरविंद केजरीवाल की सरकार ने न केवल छात्रों के सपनों पर हमला किया है, बल्कि शिक्षा से जुड़े उनके अधिकारों को भी छीन लिया है। विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा तथाकथित केजरीवाल शिक्षा मॉडल के पीछे के दिखावे को उजागर करने के लिए अभियान चलाएगी।