आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले दस सालों में हटाए गए सभी झुग्गीवासियों को उनकी जमीन पर बसा दे तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र में रेलवे झुग्गी कैंप के बाहर विधायक और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ खड़े केजरीवाल ने खुद को ‘झुग्गी-झोपड़ियों और झुग्गीवासियों का रक्षक’ बताया और कहा कि भाजपा को झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोग सिर्फ चुनाव के समय ही याद आते हैं दिल्ली के झुग्गीवासियों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘अगर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग हैं तो केजरीवाल हैं, अगर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग नहीं हैं तो केजरीवाल कुछ नहीं हैं। झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों से मेरा पारिवारिक रिश्ता है, चुनावी नहीं। जब भी वे संकट में होंगे, केजरीवाल उनके साथ छोटे भाई की तरह खड़े होंगे।’ केजरीवाल ने कहा, “जब तक केजरीवाल जिंदा हैं, वे आपको बेदखल नहीं होने देंगे। भाजपा नेता अभी झुग्गियों में सो रहे हैं। वे अभी आपका वोट लेंगे और चुनाव के बाद झुग्गियों को तोड़कर आपको बेघर कर देंगे। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।”Photo : Wikimedia