क्रिकेट ओलंपिक क्वालीफिकेशन: पुरूष के लिये रैंकिंग, महिला वर्ग में टी20 विश्व कप का प्रदर्शन अहम

नयी दिल्ली,  भारतीय पुरूष क्रिकेट टीम को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिये सीधे क्वालीफाई करना है तो वर्ष 2026 के आखिर में आईसीसी टी20 रैंकिंग में एशिया में शीर्ष पर रहना होगा जबकि महिला वर्ग में इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप की शीर्ष चार टीमें स्वत: क्वालीफाई करेंगी ।

             अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सोमवार को क्वालीफिकेशन मानदंडों की घोषणा की । क्रिकेट ओलंपिक में सौ साल बाद लौट रहा है और पुरूष तथा महिला वर्गों में छह छह टीमें भाग लेंगी ।

             विभिन्न महाद्वीपों से चार कोटा स्थान रैंकिंग से तय होंगे । आईसीसी ने कहा  ‘‘ आईसीसी पुरूष टी20 टीम रैंकिंग में महाद्वीपों के आधार पर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति को ये चार कोटा स्थान आवंटित किये जायेंगे ।’’कट आफ की तारीख 31 दिसंबर 2026 रखी गई है ।

             महिला वर्ग में चार कोटा स्थान टी20 विश्व कप सेमीफाइनल खेलने वाली चार टीमों को दिये जायेंगे । इस मानदंड के तहत आस्ट्रेलिया (ओशियाना)  दक्षिण अफ्रीका (अफ्रीका) और इंग्लैंड (यूरोप) सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ये कोटा हासिल कर चुके हैं ।

             आईसीसी ने कहा  ‘‘ ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन हिस्सा लेता है लिहाजा कोटा सिर्फ एक ब्रिटिश देश इंग्लैंड को दिया जायेगा ।’’वेस्टइंडीज भी इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुका है । भारत की संभावना के बारे में टूर्नामेंट के आखिरी परिणाम के बाद पता चलेगा ।

             विभिन्न कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले आईसीसी के सदस्य के तौर पर वेस्टइंडीज को आईओसी की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के रूप में मान्यता नहीं मिली है लिहाजा वह ओलंपिक खेलों में भाग लेने या एक ईकाई के रूप में कोटा हासिल करने की पात्रता नहीं रखता ।

             वेस्टइंडीज में एंटीगा और बारबुडा  बारबाडोस  ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड  डोमिनिका  ग्रेनाडा  गयाना  जमैका  सेंट किट्स और नेविस  सेंट लूसिया  सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स  त्रिनिदाद और टोबैगो  यूएस वर्जिन आईलैंड की एनओसी शामिल है ।

             मेजबान अमेरिका को पुरूष और महिला वर्ग में एक कोटा मिलेगा क्योंकि क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान उसने रैंकिंग में 15 या उससे बेहतर स्थान पर रहने के आईसीसी के मानदंडों को पूरा किया है ।

             ‘फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट’ महिला और पुरूष वर्ग में अलग से आयोजित किया जायेगा जिसकी तारीखें बाद में तय होंगी ।

            रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई नहीं कर सकी लेकिन पात्रता रखने वाली अगली आठ शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें महिला और पुरूष वर्ग में एक स्थान के लिये मुकाबला करेंगी ।

             अगर वेस्टइंडीज उन आठ टीमों में शामिल होती है जिन्होंने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है  तो आईसीसी एक  वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट  आयोजित करेगा। इससे यह तय होगा कि फाइनल क्वालीफायर में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कौन सी एनओसी करेगी । फाइनल क्वालीफायर में महाद्वीपीय प्रतिनिधित्च की कोई अधिकतम सीमा नहीं होगी ।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: