हर जरूरतमंद के इलाज की व्यवस्था करा रही सरकारः मुख्यमंत्री

लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने फरियादियों को आश्वासन दिया हर मामले का उचित निस्तारण किया जाएगा। एक बयान के मुताबिक बरेली से आई एक महिला ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनसे अस्पताल के खर्च का ब्योरा देने को कहा। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने उनसे कहा ‘‘आप स्वास्थ्य पर ध्यान दें इलाज की व्यवस्था सरकार करेगी।’’

‘जनता दर्शन’ में राजस्व संबंधी मामले भी आए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इस पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने राजस्व मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े अधिकारी समय से न्यायालय में बैठें इस संबंध में निर्णय भी जल्द दें क्योंकि ऐसा न होने से गरीब वादी अधिक प्रभावित होते हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: