पणजी, एशिया ओशिनिया क्षेत्र के 16 देशों के लगभग 350 खिलाड़ी 21 से 27 जून तक यहां होने वाली पांचवीं एशिया कप ब्रिज चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
भारतीय ब्रिज महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष प्रसाद केनी ने कहा कि गोवा प्रत्येक चार साल में होने वाले इस टूर्नामेंट की दूसरी बार मेजबानी करेगा। इससे पहले 2018 में यह चैंपियनशिप गोवा में आयोजित की गई थी।
बीएफआई के सचिव देबासिस रे ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया चीन इंडोनेशिया बांग्लादेश संयुक्त अरब अमीरात सऊदी अरब कुवैत हांगकांग जापान चीनी ताइपे फिलीपींस मलेशिया दक्षिण कोरिया सिंगापुर थाईलैंड और मेजबान भारत इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा पाकिस्तान ने भी प्रतियोगिता में भाग लेने में दिलचस्पी दिखाई थी लेकिन उसने अपना आवेदन जमा नहीं किया।
इस चैम्पियनशिप में पुरुष महिला सीनियर और मिश्रित वर्गों में टीम और युगल स्पर्धाएं होंगी। भारत सभी वर्गों में ‘ए’ और ‘बी’ टीम उतारेगा। भारत ने अब तक खेले गए चार टूर्नामेंट में 20 पदक जीते हैं जिनमें आठ स्वर्ण पांच रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं।
भारत की पुरुष टीम में एशियाई खेलों के पदक विजेता सुमित मुखर्जी राजेश्वर तिवारी सायंतन कुशारी अनिल पाधे सुकोमल दास और सागनिक रॉय शामिल हैं।
महिला टीम में मोनिका जाजू पूजा बत्रा और हिमानी खंडेलवाल शामिल हैं जबकि अनुभवी खिलाड़ी किरण नादर मिश्रित युगल वर्ग में भारत की चुनौती का अगुवाई करेंगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common