गोवा में कोविड-19 संबंधी कड़े प्रतिबंधों के बीच मनाया गया क्रिसमस का जश्न

पणजी, गोवा में कोविड-19 के मद्देनजर सरकार के कड़े प्रतिबंधों के बीच उत्साह के साथ क्रिसमस के जश्न का आगाज किया गया। राज्य की करीब 30 प्रतिशत आबादी ईसाई है।

पणजी में ‘अवर लेडी ऑफ़ दि इमैक्युलेट कंसेप्शन चर्च’ के एक पादरी ने कहा, ‘‘ लोग बड़ी संख्या में आधी रात की प्रार्थना सभा में शामिल होने आए। हालांकि प्रत्येक गिरजाघर में केवल 200 लोगों के आने की अनुमति थी और श्रद्धालुओं का एक-दूसरे से दूरी बनाए रखना, मास्क पहनना और हाथ साफ करते रहने अनिवार्य था।’’

उन्होंने कहा कि दिन में गिरजाघरों में एक साथ कितने लोग आ सकते हैं, इसका फैसला प्रत्येक गिरजाघर के पादारी द्वारा किया जाएगा। पादरी ने कहा कि यह जश्न नववर्ष तक चलेगा।

गिरजाघरों के अंदर जो लोग प्रार्थना सभा में शामिल नहीं हो सके, उनके लिए कई स्थानों पर गिरजाघरों के बाहर विशेष पंडाल भी लगाए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ समारोह के दौरान किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं मिली। लेकिन भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।’’

इस बीच, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ गोवा के लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं। क्रिसमस प्यार, हर्ष और शांति का प्रतीक है। ईश्वर करें कि हमारे दिल को सद्भावना और प्रसन्नता से भर जाएं।’’

क्रेडिट: पे्रस ट्रस्ट आफ इंडिया

%d bloggers like this: