बर्लिन, ग्लेशियर पिघलने के बीच स्विट्जरलैंड के नागरिकों ने देश के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में तेजी से कटौती करने के लिए नये जलवायु उपायों को पेश करने की मंशा से लाए गये विधेयक का बहुमत से समर्थन किया है। स्विस नागरिकों ने एक जनमत संग्रह पर रविवार को मतदान किया। सार्वजनिक प्रसारक ‘एसआरएफ’ द्वारा जारी अंतिम परिणामों से पता चला है कि इस अमीर अल्पाइन देश के 59.1 प्रतिशत मतदाता उस विधेयक के पक्ष में हैं जिसे नये जलवायु उपायों के लिए लाया गया है।
जबकि 40.9 प्रतिशत लोगों ने विधेयक के खिलाफ मतदान किया। खतरनाक दर से पिघल रहे स्विट्जरलैंड के ग्लेशियरों को बचाने के लिए वैज्ञानिकों और पर्यावरणविदों द्वारा चलाए गए एक अभियान से प्रेरित होकर जनमत संग्रह कराया गया। अभियान चलाने वालों ने शुरू में और भी अधिक महत्वाकांक्षी उपायों का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, बाद में एक सरकारी योजना का समर्थन किया, जिसके लिए स्विट्जरलैंड को 2050 तक ‘‘नेट जीरो’’ उत्सर्जन का लक्ष्य प्राप्त करने की आवश्यकता है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common