ताइपे (ताइवान), चीन ने पिछले दो दिनों में नौसेना जहाज, लड़ाकू विमान और बमवर्षक सहित युद्धक विमानों का एक बड़ा समूह ताइवान की ओर भेजा है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने मंगलवार सुबह छह बजे से बुधवार सुबह छह बजे के बीच ताइवान के आसपास 38 युद्धक विमान और नौसेना के नौ जहाज भेजे। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह से दोपहर तक सेना ने वहां 30 अन्य विमान भेजे, जिनमें जे-10 और जे-16 लड़ाकू विमान भी शामिल थे।
ताइवान इस महीने के अंत में वार्षिक हान गुआंग अभ्यास का आयोजन करेगा, जिसमें उसकी सेना आक्रमण को रोकने के लिए युद्धाभ्यास करेगी। इसके अलावा, ताइवान वार्षिक वानआन अभ्यास भी आयोजित करेगा जिसका उद्देश्य नागरिकों को प्राकृतिक आपदाओं के लिए तैयार करना और हवाई हमले की स्थिति में निकासी का अभ्यास करना है। चीन लगातार स्व-शासित ताइवान को अपना क्षेत्र होने का दावा करता है। हाल के वर्षों में चीन द्वारा ताइवान की ओर भेजे जाने वाले सैन्य विमानों की संख्या में वृद्धि के बाद ताइवान में इसका राजनीतिक विरोध हो रहा है जिस पर चीन ने नाराजगी जाहिर की है।
बीते कुछ वर्षों में चीन ने ताइवान जलक्षेत्र के आस-पास का चक्कर लगाने के लिये अपने नौसैनिक जहाजों के साथ-साथ ड्रोन भेजना भी शुरू कर दिया है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common