जम्मू, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने सोमवार को अदालत का नया सत्र केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को समर्पित करते हुए कहा कि इसके कामकाज को आम नागरिकों के लिए अधिक लाभकारी बनाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मुख्य न्यायाधीश ने जम्मू में उच्च न्यायालय के मुख्य खंड में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करने के बाद संवाददाताओं से यह बात कही। श्रीनगर से जम्मू में वार्षिक ‘दरबार मूव’ के बाद उच्च न्यायालय का मुख्य खंड फिर से खुला है।
न्यायमूर्ति भाटी ने कहा हम इसे जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को समर्पित करते हैं और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए इस सत्र को अधिक से अधिक लाभकारी बनाने की पूरी कोशिश करेंगे।
उच्च न्यायालय का मुख्य खंड और श्रीनगर स्थित इससे जुड़े कई कार्यालय 31 अक्टूबर को कामकाज का समय समाप्त होने के बाद बंद हो गए थे और ‘दरबार मूव’ के तहत जम्मू में फिर से खुल गए।
इस परंपरा के तहत सरकार हर छह महीने में मौसम बदलने पर अपने कार्यालयों को जम्मू और श्रीनगर के बीच स्थानांतरित करती है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common