जम्मू कश्मीर: झेलम नदी में यात्रियों को ले जा रही नाव पलटी, छह लोगों की मौत

श्रीनगर  श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके में मंगलवार को झेलम नदी में एक नाव के पलट जाने से छह लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नाव में ज्यादातर स्कूली बच्चे थे। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गंदबल नौगाम इलाके में सुबह करीब आठ बजे हुई और अबतक छह लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।  पिछले कुछ दिनों से लगातार हुई बारिश के कारण झेलम नदी के साथ ही झीलों एवं जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि नाव में कितने लोग सवार थे। श्रीनगर के उपायुक्त बिलाल मोहिउद्दीन भट ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शव बरामद किये गये हैं।        भट ने संवाददाताओं को बताया ‘‘ इस दुर्घटना में दुर्भाग्य से छह लोगों की मौत हो गई। हमने छह अन्य लोगों को बचा लिया है और उनमें से तीन का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है। बाकी तीन लोगों को उनके घर भेज दिया गया है।’’       

उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह 7:45 से आठ बजे के बीच घटी थी। ‘‘हम यह पता लगा रहे हैं कि नाव में कितने लोग सवार थे। अभी तक हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक नाव में सात नाबालिगों सहित 15 लोग सवार थे।              उपायुक्त ने बताया कि घटनास्थल पर अभी राहत-बचाव अभियान जारी है।              

भट से पूछा गया कि क्या प्रशासन ने घाटी में विभिन्न नदियों और जलाशयों के जल स्तर में वृद्धि होने के बाद लोगों को चेतावनी दी थी   उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सोमवार को अलर्ट जारी कर नदी के तटबंधों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा था।            उन्होंने कहा    हमने कल एक अलर्ट जारी किया था। मैंने लगभग आधी रात तक शहर में गश्त की थी। श्रीनगर के राम मुंशीबाग में झेलम का खतरे का स्तर 18 फुट है। जब स्तर 10 फुट से अधिक हो जाता है  तो हम प्रारंभिक चेतावनी जारी करते हैं और तटों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहते हैं। यह खतरे के स्तर से नीचे बह रही थी और कल रात 10 बजे के आसपास बारिश भी रुक गई थी।     उपायुक्त भट से पूछा गया कि क्या नाव क्षमता से अधिक भरी हुई थी  इसके जवाब में उन्होंने कहा    हम इसकी जांच कर रहे हैं।     कश्मीर के संभागीय आयुक्त  पुलिस महानिरीक्षक  श्रीनगर के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित नगर निकाय के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी गंदबल में चल रहे बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।              

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और कई अन्य नेताओं ने इस हादसे में मारे गये लोगों की मौत पर दुख जताया।           मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच  एक्स  पर एक पोस्ट में कहा    श्रीनगर में नाव पलट जाने से लोगों की मृत्यु पर मुझे गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें इस अपार क्षति को सहने की शक्ति दें। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ)  सेना और अन्य एजेंसियों की टीम घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।         

%d bloggers like this: