टीम को अभिषेक पर और अभिषेक को खुद पर भरोसा होना चाहिये : कपिल

नयी दिल्ली  पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल में अभिषेक शर्मा को खराब फॉर्म के बावजूद टीम में रखना चाहिये ।

             अभिषेक ने इस टूर्नामेंट में एकमात्र अर्धशतक जिम्बाब्वे के खिलाफ लगाया है ।

             कपिल ने यहां गोल्फ के एक कार्यक्रम से इतर कहा  ‘‘ अपनी टीम पर भरोसा रखो और प्रबंधन को खिलाड़ी पर भरोसा रखना चाहिये । अभिषेक को खुद पर भरोसा रखना होगा कि मैं खेल सकता हूं और मैं खेलूंगा ।’’ भारत ने दूसरे सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को इंग्लैंड को सात रन से हराया ।

             कपिल ने कहा कि उन्होंने उम्मीद नहीं की थी कि मैच इतना करीबी होगा । उन्होंने कहा  ‘‘ मुझे नहीं लगा था कि भारत के 250 से ज्यादा रन होने के बाद कोई मुश्किल होगी । यह शानदार मैच था । भारत को जीत की बधाई लेकिन आखिर में जीत क्रिकेट की हुई । मैने इस मैच का पूरा मजा लिया लेकिन एक गेंदबाज के रूप में नहीं ।’’

             उन्होंने भारी दबाव वाले मैच में जसप्रीत बुमराह के शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि डैथ ओवरों में उसके प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि वह दुनिया का नंबर एक गेंदबाज क्यों है ।

             उन्होंने कहा  ‘‘ बुमराह दुनिया का नंबर एक गेंदबाज है । वह सर्वश्रेष्ठ है और इसलिये क्योंकि दबाव में अच्छा प्रदर्शन करता है ।’’

             सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की तारीफ करते हुए कपिल ने कहा  ‘‘ वह शानदार क्रिकेटर है । कई बार बड़े खिलाड़ी खराब दौर का सामना भी करते हैं जैसे कि अभिषेके साथ हो रहा है लेकिन अगर बड़े खिलाड़ी हैं तो वे वापसी करते हैं । संजू ने पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है ।’’

’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: