नयी दिल्ली, दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपने कॉलेजों विभागों और छात्रावासों से कहा है कि वे सुरक्षा का पूरा जायजा लें और 12 अक्टूबर तक विस्तृत रिपोर्ट जमा करें। इस रिपोर्ट में रोशनी की व्यवस्था सीसीटीवी निगरानी और महिलाओं के लिए सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार परिसर में सुरक्षा और संरक्षा पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को कॉलेज प्राचार्यों डीन निदेशकों विभाग प्रमुखों छात्रावास प्रोवोस्ट और वार्डन की एक ऑनलाइन बैठक हुई। इसके बाद डीयू के प्रॉक्टर मनोज सिंह ने एक बयान जारी किया।
सिंह ने कहा ‘‘दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज और परिसर पूरे शहर में फैले हुए हैं। मकसद यह है कि पहले इस बात का डेटा इकट्ठा किया जाए कि कहां क्या सुधार किया जा सकता है ताकि हम उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को रिपोर्ट दे सकें और उसके अनुसार कैंपस और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जा सकें।’’
बयान में कहा गया ‘‘इस पहल का मकसद इन चिंताओं की तुरंत पहचान करना और उन्हें व्यवस्थित तरीके से हल करना है ताकि विश्वविद्यालय समुदाय के सभी सदस्यों के लिए एक सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common