चेन्नई, तमिलनाडु में कानुम पोंगल के दिन आयोजित जल्लीकट्टू और मंजुविरट्टू आयोजनों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में ज्यादातर दर्शक और सांड का एक मालिक था। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग घटनाओं में दो सांडों की भी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि पुदुक्कोट्टई में आयोजन के दौरान एक सांड की मौत हो गई जबकि शिवगंगा के सिरावयाल मंजुविरट्टू में एक सांड और उसके मालिक की मौत हो गयी। शिवगंगा जिले के सिरावयाल में मंजुविरट्टू में नादुविकोट्टई किला आवंधीपट्टी गांव के थानीश राजा इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिये अपने सांड को लेकर आए थे। उन्होंने बताया कि राजा की सांड के साथ उस वक्त मौत हो गयी जब सांड मैदान से भागते समय कंबनूर में एक खेत के कुएं में गिर गया। पुलिस ने बताया कि राजा पशु को पकड़ने के लिए कुएं में कूद गए थे। उनकी और उनके सांड की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मंजुविरट्टू में लगभग 130 लोग घायल हुए। मंजुविरट्टू में चारा डालने वाले 150 लोगों ने और 250 सांड ने हिस्सा लिया। देवकोट्टई निवासी सुब्बैया नामक एक दर्शक को एक सांड ने सींग मार दिया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मदुरै के अलंगनल्लूर में वादीपट्टी के पास मेट्टुपट्टी गांव के 55 वर्षीय दर्शक पी पेरियासामी की गर्दन पर एक उग्र सांड ने सींग मार दिया। इस गांव में कम से कम 70 लोग घायल हो गए जिनमें से अधिकतर दर्शक थे। मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल में पेरियासामी को मृत घोषित कर दिया गया। तिरुचिरापल्ली करूर और पुदुकोट्टई जिलों में चार अलग-अलग जल्लीकट्टू आयोजनों में दो दर्शकों की मौत हो गयी तथा सांड मालिकों और सांड प्रशिक्षकों समेत 148 अन्य लोग घायल हो गए। पुदुकोट्टई जिले में वन्नियान विदुथी जल्लीकट्टू में करीब 19 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि कृष्णागिरी जिले के बस्थलापल्ली में आयोजित सांड दौड़ में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सलेम जिले के सेंथरापट्टी में एक सांड के हमले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common