त्रिपुरा आदिवासी परिषद चुनावों में टीएमपी 28 में से 24 सीट जीतेगी: प्रद्योत

अगरतला, टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के प्रमुख प्रद्योत किशोर देबबर्मा ने दावा किया कि उनकी पार्टी 12 अप्रैल को होने वाले त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) चुनाव में 28 में से 24 सीट जीतेगी।

वर्तमान में टीएमपी आदिवासी परिषद का संचालन कर रही है जबकि भाजपा विपक्ष में है। हालांकि दोनों दल राज्य की सत्ता में साझेदार हैं।

धलाई जिले के गंडटविसा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए देबबर्मा ने लोगों से भाजपा नीत गठबंधन सरकार की सहयोगी पार्टी इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को वोट नहीं देने की अपील की।

उन्होंने कहा यह निश्चित है कि 12 अप्रैल को होने वाले चुनाव में आईपीएफटी नहीं जीतेगी। अगर आप आईपीएफटी को वोट देते हैं तो इससे भाजपा को मदद मिलेगी। मेरी आपसे अपील है कि आईपीएफटी को वोट न दें और इसके बजाय आपके अधिकारों के लिए लड़ रही टीएमपी का समर्थन करें।

टिप्रासा जनजातियों से एकजुट रहने का आग्रह करते हुए देबबर्मा ने कहा कि यदि आदिवासी चुनावों में एकजुट रहते हैं तो कोई भी ताकत टीएमपी को जीतने से नहीं रोक सकती।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री माणिक साहा को टिप्रासा लोगों के लिए कोई प्रेम और सम्मान नहीं है। देबबर्मा ने कहा कि वह (मुख्यमंत्री) पार्टी के लिए लड़ रहे हैं जबकि टीएमपी आदिवासी लोगों के हित के लिए चुनाव लड़ रही है। देबबर्मा ने कहा कि उन्हें 17 अप्रैल (मतगणना के दिन) को जवाब मिल जाएगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: