थाईलैंड में 23वें आम सम्मेलन में भारत को AIBD कार्यकारी बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया

भारत को 19-21 अगस्त 2025 को फुकेत, थाईलैंड में आयोजित 23वें AIBD आम सम्मेलन में सर्वाधिक मतों के साथ एशिया-प्रशांत प्रसारण विकास संस्थान (AIBD) के कार्यकारी बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया है।यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि भारत ने आखिरी बार 2016 में AIBD कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष का पद संभाला था।

इस सफलता के साथ, AIBD में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका और भी मज़बूत हुई है, क्योंकि AIBD आम सम्मेलन के अध्यक्ष के रूप में इसका वर्तमान कार्यकाल अगस्त 2025 तक जारी रहेगा।

इस अवसर पर, प्रसार भारती के सीईओ और AIBD GC के अध्यक्ष गौरव द्विवेदी ने सभी सदस्य देशों और संगठनों को उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से बोलते हुए, उन्होंने कहा:“हम भारत के नेतृत्व में व्यक्त विश्वास की गहराई से कद्र करते हैं। पिछले पाँच दशकों में, हमने AIBD के भीतर विभिन्न क्षमताओं में एक टीम के रूप में काम किया है, और हम भविष्य में AIBD के कार्यक्रमों और पहलों के आयोजन में सामूहिक रूप से और द्विपक्षीय साझेदारियों के माध्यम से इस सहयोग को जारी रखने के लिए तत्पर हैं।”

उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी और AIBD को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने की अपनी इच्छा व्यक्त की।यूनेस्को के तत्वावधान में 1977 में स्थापित, एशिया-प्रशांत प्रसारण विकास संस्थान (AIBD) एक अद्वितीय क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। वर्तमान में इसके 45 देशों के 92 से अधिक सदस्य संगठन हैं, जिनमें 48 राष्ट्रीय प्रसारकों द्वारा प्रतिनिधित्व किए जाने वाले 26 सरकारी सदस्य और एशिया-प्रशांत, यूरोप, अफ्रीका, अरब राज्यों और उत्तरी अमेरिका में फैले 28 देशों और क्षेत्रों के 44 संबद्ध सदस्य शामिल हैं।भारत एआईबीडी का एक संस्थापक सदस्य है और प्रसार भारती, भारत का सार्वजनिक सेवा प्रसारक, संगठन में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का प्रतिनिधित्व करता है।गौरव द्विवेदी की अध्यक्षता में एआईबीडी का 23वाँ महाधिवेशन और संबद्ध बैठकें थाईलैंड के फुकेत में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

इस सम्मेलन में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अंतर्राष्ट्रीय हितधारकों को एक साथ लाया गया और नीतिगत आदान-प्रदान एवं संसाधनों की साझेदारी के माध्यम से एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एक जीवंत और सहयोगी मीडिया वातावरण के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया गया। चालू वर्ष का विषय “लोगों के लिए मीडिया, शांति और समृद्धि” था।यह प्रतिष्ठित नियुक्ति एक बार फिर प्रसारण के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व में वैश्विक विश्वास को उजागर करती है और दुनिया भर में मीडिया विकास को आकार देने में भारत के लिए और भी अधिक रणनीतिक और प्रभावशाली भूमिका निभाने का मार्ग प्रशस्त करती है।https://x.com/myAibd/status/1958133419864740138/photo/1

%d bloggers like this: