दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1,368 नए भर्ती हुए शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि इनके आने से राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
नए नियुक्त शिक्षकों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए गुप्ता ने कहा कि यह मौका उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है और उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि 1,368 शिक्षकों के आने से दिल्ली के सरकारी स्कूलों की कक्षाओं में छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास मिलेगा।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने, बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भरोसा जताया कि नए भर्ती हुए शिक्षक बच्चों का मार्गदर्शन करने और उनके भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाएंगे।