दिल्ली जल बोर्ड पानी की उपलब्धता और आपूर्ति की दैनिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री केजरीवाल को देगा

नयी दिल्ली, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) को निर्देश दिया कि वह उन्हें जल की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर दैनिक रिपोर्ट मुहैया कराए।  उन्होंने डीजेबी को एक व्यापक योजना तैयार करने के लिए कहा है ताकि शोधित जल का शहर में दोबारा इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सके।

                 दिल्ली के करीब दो करोड़ निवासियों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए डीजेबी प्रतिदिन करीब 99.5 करोड़ गैलन पानी की आपूर्ति करता है, जबकि जल की मांग करीब 130 करोड़ गैलन रोजाना है।

                 सरकार की मंशा राष्ट्रीय राजधानी में पानी की उपलब्धता मार्च 2025 तक बढ़ाकर 124 करोड़ गैलन करने की है।

                 गर्मी के मौसम में तैयारियों को लेकर केजरीवाल ने डीजेबी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ)ने ट्वीट किया, ‘‘डीजेबी को अब दिल्ली में जल की कुल उपलब्धता और आपूर्ति की दैनिक रिपोर्ट माननीय मुख्यमंत्री को देनी होगी।’’

                  ट्वीट में आगे कहा गया कि अवजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) से निकलने वाले जल के दोबारा इस्तेमाल को लेकर पूरी योजना बनानी चाहिए। इसमें यह भी कहा गया कि कई नजदीकी पार्क को भी पानी मुहैया कराया जाएगा।

                 दिल्ल के अवजल शोधन संयंत्र प्रतिदिन 51.4 करोड़ गैलन शोधित जल उपलब्ध कराते हैं जिनमें से 26.7 करोड़ गैलन जल यमुना नदी में निचले इलाकों में इस्तेमाल के लिए वापस चला जाता है जबकि नौ करोड़ गैलन पानी का इस्तेमाल बागवानी में होता है।

                 सीएमओ ने कहा कि दिल्ली में 450 से अधिक स्थानों की पहचान की गई है जहां ‘रिवर्स-ऑस्मोसिस सिस्टम’ के माध्यम से जनता को स्वच्छ और शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। दिल्ली में कई स्थानों पर भूजल तालिका उच्च है, लेकिन लवणता (पानी में खारापान) ज्यादा होने के कारण पानी पीने के लिए उपयुक्त नहीं है।

                 सीएमओ ने यह भी कहा कि सरकार डीजेबी की सभी योजनाओं के लिए विभिन्न विभागों से जल्द मंजूरी सुनिश्चित करेगी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: