नयी दिल्ली, दिल्ली सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय राष्ट्रीय राजधानी में पीएम-एबीएचआईएम योजना को लागू करने के लिए 18 मार्च को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) कुछ केंद्रीय क्षेत्र घटकों के साथ एक केंद्र प्रायोजित योजना (सीएसएस) है
जिसका योजना अवधि (2021-22 से 2025-26) के लिए कुल परिव्यय 64 180 करोड़ रुपये है। इस योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्रवाई को एकीकृत और मजबूत करने के लिए नये सुधारों की परिकल्पना की गई है। इस योजना के अंतर्गत उपायों का उद्देश्य स्वास्थ्य प्रणालियों और संस्थाओं को मजबूत बनाना है ताकि स्वास्थ्य प्रणालियों को वर्तमान तथा भविष्य की महामारियों और आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार किया जा सके।
सूत्रों ने कहा ‘‘दिल्ली सरकार 18 मार्च को राष्ट्रीय राजधानी में पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन या पीएम-एबीएचआईएम योजना को लागू करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेगी।’
’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common