भोपाल, मध्य प्रदेश में ‘द केरल स्टोरी’ को मिला कर में छूटा वापस लिए जाने के कांग्रेस के दावे पर जवाब देते हुए प्रदेश के गृह मंत्री व सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने बृहस्पतिवार को स्पष्ट किया कि फिल्म प्रदेश में कर मुक्त है और भविष्य में भी कर मुक्त रहेगी। मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इसे लेकर कोई भ्रम नहीं है। सभी सिनेमा हॉल मालिकों से प्रार्थना है कि किसी भ्रम में न रहें। ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म को राज्य में कर मुक्त कर दिया गया था और यह कर मुक्त रहेगी। इस संबंध में अगर कोई फर्जी आदेश या वायरल आदेश सामने आए तो उसे सच ना मानें। मुख्यमंत्री जी ने स्वयं इस संबंध में घोषणा (फिल्म को कर मुक्त करने की) की है।’’
गौरतलब है कि कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया था कि शिवराज सिंह चौहान नीत सरकार ने विवादित बॉलीवुड फिल्म ‘‘द केरल स्टोरी’’ को राज्य में कर मुक्त करने का अपना फैसला वापस ले लिया है।
हालांकि सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन (सीसीसीए) के निदेशक ओपी गोयल ने बुधवार की रात पीटीआई/भाषा को बताया कि राज्य में सिनेमा हॉल मालिकों को ऐसा कोई आदेश (कर मुक्त दर्जा वापस लेने के बारे में) प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी भी बिना मनोरंजन कर लिए फिल्म के टिकट बेचे जा रहे हैं।
गौरतलब है कि सीसीसीए, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में लगभग दो हजार फिल्म वितरकों और प्रदर्शकों की एकमात्र प्रतिनिधि संगठन है।
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के मीडिया सेल के अध्यक्ष के. के. मिश्रा ने बुधवार को कहा था कि नियमों के अनुसार एक व्यस्क फिल्म को कर मुक्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि इस कारण से सरकार ने अपना आदेश वापस ले लिया है।
गौरतलब है कि फिल्म की कहानी ‘केरल की महिलाओं को धर्म परिवर्तन कर इस्लाम अपनाने को मजबूर किये जाने और उन्हें आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) में भर्ती किए जाने से जुड़ी है।’ सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित ‘द केरल स्टोरी’ को केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से ‘ए’ प्रमाणपत्र मिला है। इसका मतलब है कि फिल्म को “केवल वयस्क” देख सकते हैं।
मालूम हो कि गत शनिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में ‘द केरल स्टोरी’ को कर करने की घोषणा की है। इसके एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में एक रैली के दौरान कांग्रेस पर हमला करने के लिए इसका इस्तेमाल किया था और फिल्म को आतंकवादी साजिशों को सामने लाने का श्रेय दिया था।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons