नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से संबंधित स्टार्टअप ध्रुव स्पेस अपने विभिन्न उपग्रह बुनियादी ढांचा उत्पादों के संयोजन, समेकन और परीक्षण के वास्ते हैदराबाद के बाहरी क्षेत्र में 2.8 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में एक केंद्र का निर्माण कर रहा है। ‘ध्रुव स्पेस का ‘संयोजन, समेकन और परीक्षण’ (एआईटी) केंद्र शम्साबाद में टीएसआईआईसी हार्डवेयर पार्क-टू में स्थित होगा और वह ‘सेटेलाइट प्लेटफॉर्म’, ‘सबसिस्टम’, ‘सेटेलाइट आर्बिटल डिप्लॉयर्स’, भूतल केंद्र उपकरण आदि का निर्माण करेगा।कंपनी ने एक बयान में कहा कि तेलंगाना सरकार ने इसके लिए 6.5 एकड़ भूखंड दिया है, जहां एआईटी केंद्र का निर्माण पांच सालों में विभिन्न चरणों में किया जाएगा।उसने कहा कि पहले चरण में अगले डेढ़-दो सालों में 20,000 वर्ग फुट में फैले ‘सोलर एर्रे एसेम्बली लाइन’ समेत 1.5 लाख वर्गफुट क्षेत्र में विविध संबंधित सरंचनाओं का निर्माण किया जाएगा।वर्ष 2012 में स्थापित यह स्टार्टअप सौर पैनल, सेटेलाइट सॉफ्टवेयर, संचार प्रणाली, सेटेलाइट डिप्लॉयर्स जैसे सेटेलाइट संबंधी उपकरणों का निर्माण करता है।शम्साबाद केंद्र का लक्ष्य विश्वस्तरीय कैंपस बनाकर भारत में ध्रुव स्पेस को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक बड़ी भूमिका में लाना है। यह ऐसा कैंपस होगा जो दुनिया में भारत के बढ़ते कद का प्रतिनिधित्व करेगा।ध्रुव स्पेस के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी एवं सह-संस्थापक अभय इगूर ने कहा कि एआईटी केंद्र छोटे उपग्रहों के बढ़ते बाजार की जरूरतों को पूरा करेगा।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common