नेपाल की अंतरिम सरकार समय पर चुनाव कराने को प्रतिबद्ध : प्रधानमंत्री कार्की

काठमांडू, नेपाल की नवनियुक्त प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने कहा कि उनकी अंतरिम सरकार निर्धारित समय पर आम चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्की(73) ने 12 सितंबर को देश की बागडोर संभाली थी। इसी के साथ प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली के पद से इस्तीफा देने के बाद कई दिनों से जारी राजनीतिक अनिश्चितता का दौर समाप्त हो गया था। भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के मुद्दे पर युवाओं के नेतृत्व वाले ‘जेन जेड’(1997 से 2012 के बीच जन्मे) समूह ने ओली की सरकार के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन किया था।

             ‘हिमालयन टाइम्स’ अखबार के मुताबिक ‘बड़ा दशईं’ के अवसर पर एक संदेश में कार्की ने सोमवार को आश्वासन दिया कि प्रतिनिधि सभा के चुनाव समय पर होंगे।

             बड़ा दशईं को ‘विजयादशमी’ के नाम से भी जाना जाता है। यह नेपाल में सबसे व्यापक रूप से मनाए जाने वाले हिंदू त्योहारों में से एक है।

            इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री कार्की ने देश-विदेश में रहने वाले सभी नेपाली भाइयों और बहनों के लिए शांति  खुशी और समृद्धि की कामना की।

             राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने अपने संदेश में निर्धारित तिथि पर चुनाव कराने की अपील की।

            पौडेल ने नागरिकों से शांति बनाए रखने तथा सरकार और संसद दोनों की निरंतरता का समर्थन करने का आह्वान किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: