काठमांडू, नेपाल ने आगामी विजयादशमी दीपावली और छठ पर्व को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है जिसके तहत काठमांडू घाटी में करीब 3 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। काठमांडू जिला पुलिस रेंज के प्रमुख दिलीप घिमिरे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वर्दी के अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने पर्व के दौरान चोरी धोखाधड़ी लूट और सार्वजनिक स्थानों पर दुर्व्यवहार को प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों के रूप में चिह्नित किया है।
घिमिरे ने कहा कि पुलिसकर्मियों को 22 अलग-अलग तरह की ड्यूटी पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा जांच बढ़ाई जाएगी तथा निगरानी के लिए खोजी कुत्तों और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों सार्वजनिक परिवहन केंद्रों बाजारों और अन्य ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जहां पर्व के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
काठमांडू जिला पुलिस रेंज ने पर्व के दौरान घाटी से अपने गृह नगर जाने वाले लोगों के लिए 13 बिंदु सुरक्षा सलाह भी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर में कीमती आभूषण नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज न छोड़ें तथा जहां संभव हो उन्हें बैंक लॉकर में रखें।
पुलिस ने लोगों से जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा शराब का सेवन करने के बाद झगड़े अनावश्यक शोर और असामाजिक व्यवहार से बचने की अपील की है।
ऑनलाइन खरीदारी करने वालों को फर्जी वेबसाइट संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के जरिये प्रसारित आकर्षक प्रस्तावों से सावधान रहने को कहा गया है। सलाह में लोगों से फर्जी टिकट धोखाधड़ी और अवैध लेनदेन के प्रति सतर्क रहने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने को भी कहा गया है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने वाले लोगों को अपने सामान की सुरक्षा करने और बच्चों तथा बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों से पर्व मनाने के लिए पटाखों या अन्य संभावित खतरनाक सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common