नेपाल में 2023 की पहली छमाही में भारतीय पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई

काठमांडू, नेपाल में वर्ष 2023 की पहली छमाही के दौरान भारतीय पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। रविवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, उक्त अवधि में करीब 1,68,000 भारतीय पर्यटक नेपाल पहुंचे, जबकि पिछले साल इसी अवधि के दौरान 97,313 भारतीय पर्यटकों ने हिमालयी देश की यात्रा की थी।
नेपाल पर्यटक बोर्ड के अनुसार, 2023 की पहली छमाही में 4,76,481 विदेशी पर्यटक हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचे। यह संख्या 2019 में महामारी पूर्व अवधि की तुलना में 83 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2019 (कोविड-19 महामारी पूर्व की अवधि) में 5,36,058 विदेशी सैलानियों ने हवाई जहाज से नेपाल की यात्रा की थी।
बोर्ड ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 2023 की पहली छमाही के दौरान विमान से नेपाल पहुंचने वाले भारतीयों की संख्या 1,67,605 थी, जो पिछले साल इसी अवधि में हवाई मार्ग से हिमालयी देश की यात्रा करने वाले 97,313 भारतीय सैलानियों से कहीं अधिक है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, मई में कुल 1,53,602 विदेशी सैलानी नेपाल पहुंचे, जिनमें 36,575 भारतीय शामिल थे। हालांकि, जून में नेपाल की यात्रा करने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में संख्या कम रही। लेकिन, पिछले साल की तुलना में इस वर्ष जून में नेपाल पहुंचने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या अधिक दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019 के अंत में कोविड-19 महामारी की दस्तक के कारण नेपाल का पर्यटन उद्योग काफी प्रभावित हुआ था। 2020 की पहली छमाही में जहां नेपाल पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या घटकर 2,20,815 हो गई थी। वहीं, 2021 और 2022 की पहली छमाही में नेपाल की यात्रा करने वाले विदेश सैलानियों की तादाद क्रमश: 58,058 और 2,40,901 दर्ज की गई थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: