न्यूयॉर्क में दीपावली की धूम, टाइम्स स्क्वायर पर भारतीय संस्कृति और व्यंजनों का उत्सव

न्यूयॉर्क, न्यूयॉर्क शहर में दीपावली का उत्साह छाया हुआ है। टाइम्स स्क्वायर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर भारतीय व्यंजनों की विविधता प्रदर्शित करने वाले आयोजनों तक, कई कार्यक्रमों के जरिये विभिन्न समुदायों के लोग रोशनी का त्योहार मना रहे हैं।

भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के हजारों लोग रविवार को यहां प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर दिनभर चले सांस्कृतिक समारोह में शामिल हुए। ‘दीपावली एट टाइम्स स्क्वायर’ के 2026 संस्करण में भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में ‘दीपावली बाजार’, दीये जलाने का समारोह, वन टाइम्स स्क्वायर बॉल ड्रॉप टावर पर दीपावली की उलटी गिनती का डिजिटल आयोजन और ‘लाइट अप टाइम्स स्क्वायर कॉन्सर्ट’ का लोगों ने खूब आनंद लिया।

संगीत कार्यक्रम में अमेरिकी रैपर एवं गीतकार राजा कुमारी, गायिका कनिका कपूर और अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। दीपावली के मद्देनजर शहर में ऐसे कई आयोजन हो रहे हैं, जिनमें भारत की सांस्कृतिक और पाककला संबंधी विविधता को प्रदर्शित किया जा रहा है।

‘द पियरे, ए ताज होटल’ ने भी दीपावली समारोह आयोजित किया, जिसमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय और वैश्विक समुदाय की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। होटल ने न्यूयॉर्क के तीन लोकप्रिय रेस्तरां ‘चट्टी’, ‘जुनून’ और ‘मुसाफिर’ के साथ मिलकर ‘भारत की पाक यात्रा’ नाम से विशेष आयोजन किया। इसके तहत मेहमानों को देश के विभिन्न हिस्सों के क्षेत्रीय व्यंजनों और स्वादों का अनुभव करने का अवसर मिला।

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनय प्रधान भी टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित समारोह में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों और अमेरिकी नागरिकों के साथ शामिल हुए।भारत के वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह आयोजन न्यूयॉर्क शहर के केंद्र में शांति, आशा और सद्भाव का जीवंत उत्सव था। इसमें भारत और अमेरिका को करीब लाने वाले दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का भी उत्सव मनाया गया।

‘दीपावली एट टाइम्स स्क्वायर’ की संस्थापक एवं आयोजक और न्यूयॉर्क स्टेट एशियन एंड पैसेफिक आईलैंडर्स कमीशन की सदस्य नीता भसीन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य शांति, सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने के साथ भारत की कला, संस्कृति और विविधता को प्रदर्शित करना है। उन्होंने कहा, “यह उत्सव शांति, सद्भाव और एकता के बारे में है। यही दीपावली का वास्तविक संदेश है। दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक टाइम्स स्क्वायर से हम भारत की कला, संस्कृति और विविधता को प्रदर्शित कर रहे हैं।”

आयोजकों के अनुसार, 2013 में शुरुआत के बाद से ‘दीपावली एट टाइम्स स्क्वायर’ ने दुनिया के प्रमुख चौराहों में शुमार टाइम्स स्क्वायर पर रोशनी के त्योहार की रौनक पहुंचाई है। यह आयोजन एकता, सांस्कृतिक विरासत और विविधता का उत्सव मनाने का मंच बन गया है।

न्यूयॉर्क गवर्नर कैथी होचुल के एशियाई अमेरिकी मामलों के निदेशक सिबू नायर ने कहा कि इस आयोजन में गवर्नर का प्रतिनिधित्व करना और राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ दीपावली मनाना गर्व का क्षण था। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लोगों ने अपनी संस्कृति, खानपान और संगीत को साझा किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: