पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, चन्नी को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं : सुखबीर बादल

चंडीगढ़, अकाली दल ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में ‘‘बड़ी चूक’’ दर्शाता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की मशीनरी ‘‘पूरी तरह ध्वस्त’’ हो गई है। उन्होंने दावा किया कि चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

मोदी मार्ग में प्रदर्शनकारी किसानों के सड़क जाम करने के कारण फिरोजपुर में पहले से तय रैली को संबोधित किए बगैर और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किए बगैर लौट गए।

केंद्र ने सड़क से बाधा हटाने में विफल रहने और प्रधानमंत्री की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार बताया है।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘‘फिरोजपुर के हुसैनीवाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग में बड़ी सुरक्षा चूक दिखाता है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की मशीनरी पूरी तरह ध्वस्त हो गई है और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी इस संकट के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं।’’

बादल ने एक बयान में कहा, ‘‘घटना से स्पष्ट है कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।’’ बादल की पार्टी का पहले भाजपा के साथ गठबंधन था।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह ने मुख्यमंत्री को पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि स्थिति यह है कि कानून-व्यवस्था मशीनरी पर किसी तरह का नियंत्रण नहीं है और कांग्रेस के अलग-अलग नेता अलग-अलग भाषा बोलते हैं।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Getty Images

%d bloggers like this: