कोलकाता, पश्चिम बंगाल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेला 2027 की निगरानी के लिए 24 सदस्यीय उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य वार्षिक आयोजन को अधिक समावेशी बनाना और किसी एक संगठन के वर्चस्व को कम करना है।
खास बात यह है कि ‘पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड’ के मौजूदा सचिव त्रिदिब कुमार चटर्जी और अध्यक्ष सुधांशुशेखर डे को समिति में शामिल नहीं किया गया है जबकि संगठन के अन्य प्रतिनिधियों को इसका सदस्य बनाया गया है।
गिल्ड पुस्तक मेले की शुरुआत से ही इसका आयोजन करता रहा है।
सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार सुब्रत गुप्ता ने 17 और 21 अगस्त को राज्य सचिवालय में बैठकें कीं जिनमें ‘साल्ट लेक सेंट्रल पार्क’ में आयोजित होने वाले पुस्तक मेले के बुनियादी ढांचे और आयोजन से जुड़े ढांचे पर चर्चा की गई।
अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) जन शिक्षा प्रसार एवं पुस्तकालय सेवा विभाग प्रकाशन संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद सरकार ने समिति गठित करने का फैसला किया।
समिति में रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ के वरिष्ठ संतों के अलावा ‘पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड’ के प्रतिनिधि देबज्योति दत्ता अनिल आचार्य मिलिंद डे और राजकुमार बर्मन को भी शामिल किया गया है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common