पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों की निंदा की

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों को निशाना बनाकर किए गए हूती विद्रोहियों के हमलों की निंदा की और रियाद के साथ इस्लामाबाद की ‘‘अटूट एकजुटता’’ दोहराते हुए अपने क्षेत्र और बुनियादी ढांचे की रक्षा करने के सऊदी अरब के अधिकार का समर्थन किया।

उनकी इस टिप्पणी से एक दिन पहले ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल हमले किए थे। इन हमलों में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया गया जिससे हवाई यातायात बाधित हुआ और कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। बुधवार को रियाद और अभा हवाई अड्डों पर हूती विद्रोहियों के हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

शरीफ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘मैं रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे समेत सऊदी अरब के खिलाफ हूती विद्रोहियों के बार-बार किए जा रहे आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा करता हूं। इन हमलों में लोगों की जान गई और आम नागरिक घायल हुए।’’

उन्होंने कहा ‘‘मैं कई बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच में ही रोकने के लिए सऊदी सशस्त्र बलों और गठबंधन की सतर्कता एवं पेशेवर दक्षता की सराहना करता हूं। निर्दोष लोगों की जान बचाने और सऊदी अरब की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उनके अथक प्रयास सराहनीय हैं।’’

शरीफ ने कहा ‘‘पाकिस्तान अपने भाई सऊदी अरब के नेतृत्व और वहां की जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: