विक्टोरिया (सेशल्स), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स की अपनी तीन दिवसीय यात्रा दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने और हिंद महासागर क्षेत्र को सुरक्षित व समृद्ध बनाने की साझा दृष्टि को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ व्यापक वार्ता की।
हवाई अड्डे पर सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लै और भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को विदा किया। रवाना होने के बाद एक्स पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा ‘‘सेशेल्स की मेरी यात्रा बहुत सार्थक रही और इससे भारत-सेशेल्स की दोस्ती और मजबूत होगी।’’
मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच पिछले 50 वर्षों के रिश्ते गहरे भरोसे और मिलकर की गई तरक्की पर आधारित रहे हैं। उन्होंने कहा ‘‘अगले 50 साल नवाचार सतत विकास और साझा समृद्धि से तय होंगे।’’
शनिवार को शुरू हुई इस यात्रा के दौरान मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया।
रवाना होने के बाद उन्होंने पोस्ट किया ‘‘मुझे खुशी है कि मैं राष्ट्रीय दिवस के जश्न में शामिल हुआ और वह भी ऐसे समय में जब सेशेल्स अपनी आजादी के 50 साल पूरे कर रहा है।’’
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा समुद्री सुरक्षा डिजिटल भुगतान अंतरिक्ष स्वास्थ्य सेवा कृषि और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में 19 समझौतों और पहल की घोषणा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया ‘‘प्रधानमंत्री की राजकीय यात्रा भारत-सेशेल्स संबंधों में एक अहम मुकाम है। इससे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और सुरक्षित व समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के लिए साझा दृष्टि को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है।’’
मोदी ने द्वीपीय देश की संसद को भी संबोधित किया जहां उन्होंने निष्पक्षता जिम्मेदारी और समानता के आधार पर जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक कार्रवाई का आह्वान किया।
एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान से भी नवाजा। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण में नेतृत्व विकासशील देशों के हितों को आगे बढ़ाने के प्रयासों तथा समुद्री अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया गया।
क्रडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common